स्वीकृति के बाद भी नहीं बना कंडोला मार्ग
विकासनगर
स्वीकृति के चार वर्ष बाद भी कंडोला मोटर मार्ग का निर्माण नहीं हो सका है। इससे ग्रामीणों में लोनिवि के खिलाफ आक्रोश बना है। ग्रामीणों ने लोनिवि के ईई को पत्र भेजकर जल्द मार्ग निर्माण की मांग की है। प्रेषित पत्र के माध्यम से ग्रामीणों ने बताया कि 2016 में कंडोला मोटर मार्ग को स्वीकृति मिली थी। इस दौरान मार्ग से जुड़े निमगा, केराड़, शूनीर, नीवा, नायली, किस्तूड़, सारनी, बाणाधार, चिल्हाड़, शिलावड़ा, डिमीच, चांजोई, भंदरौली आदि गांवों के ग्रामीणों में खुशी की लहर जगी थी। ग्रामीणों को लगा कि अब मार्ग का निर्माण होने से उनके गांव भी विकास की मुख्य धारा से जुड़ सकेंगे। लेकिन पांच वर्षों से ग्रामीण मार्ग निर्माण का इंतजार कर रहे हैं। गुस्साए ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि, जल्द विभाग ने मार्ग निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया, तो ग्रामीण आंदोलन को विवश होंगे। पत्र भेजने वालों में बीडीसी सदस्य गीतांजली बिजल्वाण, प्रधान नवप्रभात, सीता देवी, कृष्णा, जयदत्त बिजल्वाण, सर्वानंद, रामलाल आदि शामिल रहे।
