चम्पावत के चारों ब्लॉकों में लगाया जाएगा स्वास्थ्य मेला
चम्पावत। चम्पावत के चारों ब्लॉकों में स्वास्थ्य मेला लगाया जाएगा। मेले में सांसद, विधायक और जिपं अध्यक्ष मौजूद रहेंगे। मेले का मकसद एक ही स्थान पर मरीजों को सुविधाएं दिलाना है। स्वास्थ्य विभाग जिले के चारों ब्लॉकों चम्पावत, लोहाघाट, पाटी और बाराकोट में स्वास्थ्य मेले का आयोजन करेगा। सोमवार को सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल ने कहा स्वास्थ्य मेले की तारीख तय कर दी हैं। उन्होंने कहा चम्पावत ब्लॉक के तहत टनकपुर उप जिला चिकित्सालय में 18 अप्रैल को मेला लगाया जाएगा। इसके अलावा लोहाघाट रामलीला मैदान में 19 अप्रैल, बाराकोट में 20 और पाटी अस्पताल में 22 अप्रैल को मेले का आयोजन किया जाएगा। बताया मेले में आयुष्मान कार्ड बनाने, मरीजों का रिकॉर्ड रखने समेत तमाम कार्य किए जाएंगे। आयुर्वेदिक और होम्योपैथिक विभाग स्टॉल लगाएंगे। इसके अलावा अन्य रेखीय विभाग सहयोग करेंगे। उन्होंने बताया मेले में सांसद, विधायक और जिला पंचायत अध्यक्ष लोगों की समस्याओं को सुनेंगे। सीएमओ ने सभी लोगों से मेले का लाभ उठाने की अपील की है।
