अतिक्रमण हटवाने को प्रशासन को पत्र लिखेंगे
रुड़की। नगर के सभी बाजारों में अतिक्रमण है। हाईवे स्थित सर्विस लेन के दोनों ओर भी अतिक्रमण किया गया है। जहां से गुजरना मुश्किल साबित हो रहा है। बाजारों में पुराने जैन स्तंभ स्थल से शुरू होकर हैदरी चौक तक बाजार में अतिक्रमण है। जिसके चलते यहां से दोपहिया वाहन तो क्या पैदल निकलना भी कठिन होता है। आसपास के देहात क्षेत्र के लोग खरीदारी करने के लिए नगर के बाजार में पहुंचते हैं। वह सभी अपने संसाधनों से ही बाजार आते हैं। कुछ लोग दुपहिया वाहन आदि लेकर पहुंचते हैं। ऐसे में अतिक्रमण के कारण वाहन खड़े करने के बाद पैदल निकलने की भी जगह नहीं बचती है। नगरपालिका चौक से सर्राफा बाजार के लिए जाने वाले मार्ग पर भी अतिक्रमण है। समस्या उस समय और अधिक बढ़ जाती है जब स्कूल और कॉलेज की छुट्टी होती है। रविंद्र शर्मा, रामकुमार, अनीस अहमद, जावेद अली, विजय प्रकाश, संतोष, मोहम्मद अहमद, अनीस अंसारी आदि लोगों ने जिला प्रशासन से मांग करते हुए कहा है कि स्थानीय प्रशासन अतिक्रमण के खिलाफ राजनीतिक दबाव के चलते कार्रवाई नहीं कर पाता है। उधर, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी विजय प्रताप चौहान का कहना है कि अतिक्रमण एक समस्या बनती जा रही है। इसके लिए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को पत्र लिखा जा रहा है। उनके आदेशों के अनुपालन में टीम का गठन कर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
