टेनी ने बताई यूपी में भाजपा की जीत की वजह

 

लखीमपुर

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत होने के बाद केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी का पहला बयान सामने आया है। उन्होंने भाजपा की जीत के लिए सुशासन और कानून व्यवस्था बेहतर होने को वजह बताया है। अजय मिश्रा टेनी ने कहा, श्हम शुरुआत से ही कह रहे थे कि जिस तरह से पीएम नरेंद्र मोदी की लीडरशिप में केंद्र और योगी की लीडरशिप में राज्य सरकार काम कर रही है, उसके चलते हम एक बार फिर से बहुमत में आएंगे। यदि उत्तर प्रदेश में कानून और व्यवस्था की स्थिति बेहतर नहीं होती तो फिर हमें बहुमत हासिल नहीं होता। अजय मिश्रा टेनी लखीमपुर सीट से सांसद हैं और जिले की सभी 8 सीटों पर भाजपा को बड़ी जीत मिली है। इस नतीजे को लेकर माना जा रहा है किसान आंदोलन का असर चुनाव के नतीजों पर देखने को नहीं मिला है और इसी के चलते भाजपा को लोगों ने इतना बड़ा समर्थन दिया है। बता दें कि यूपी चुनाव में कानून व्यवस्था एक बड़ा मुद्दा था। सीएम योगी आदित्यनाथ, पीएम नरेंद्र मोदी से लेकर अमित शाह तक सभी दिग्गज नेता लगातार कानून व्यवस्था को मुद्दा बना रहे थे। माना जा रहा है कि राशन, प्रशासन और महिला सुरक्षा जैसे तीन मसलों ने भाजपा को बढ़त दिलाने का काम किया है। बीते साल 3 अक्टूबर को लखीमपुर में कार से किसानों के कुचले जाने का आरोप केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष मिश्रा पर लगा था। यही नहीं इस घटना के चलते उनका इस्तीफा मांगा जा रहा था और किसान आंदोलनकारियों ने अपनी तमाम मांगों में इसे भी शामिल किया था। हालांकि केंद्र सरकार की ओर से उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके अलावा आशीष मिश्रा भी फिलहाल जमानत पर बाहर हैं, जिसे किसानों की ओर से सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई है। अदालत ने इस अर्जी पर सुनवाई करने का फैसला लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *