स्कूटर की टक्कर से बुजुर्ग महिला घायल
ऋषिकेश। हाईवे पर चंद्रभागा पुल के पास बेकाबू स्कूटर की चपेट में आकर एक बुजुर्ग महिला घायल हो गई। पुलिस ने उन्हें ऋषिकेश सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार दोपहर करीब 12 शीशमझाड़ी, ऋषिकेश निवासी उषा शर्मा (74) पत्नी जगदीश प्रसाद शर्मा घर से हरिद्वार-ऋषिकेश राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंद्रभागा पुल के समीप किराना स्टोर में सामान लेने पैदल आ रही थीं। इसी बीच पीछे से आ रहे तेज रफ्तार स्कूटर ने टक्कर मार दी, इससे वह छिटककर सड़क पर जा गिरी और घायल हो गईं। मौके पर ट्रैफिक ड्यूटी संभाल रहे पुलिस कर्मियों ने घायल वृद्धा को ऋषिकेश सरकारी अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बतायी। पुलिस ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
