मझोग और सरनाड़ नहर क्षतिग्रस्त होने से किसान परेशान
विकासनगर
तहसील क्षेत्र अंतर्गत मझोग और सरनाड़ नहर क्षतिग्रस्त होने से किसान परेशान हैं। उन्होंने जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन भेजकर क्षतिग्रस्त नहरों को ठीक करवाने की गुहार लगाई है। किसानों ने बताया कि इस बार पर्याप्त रूप से बारिश न होने से खेतों में अधिक पानी की जरूरत है, लेकिन, मझोग और सरनाड़ नहर क्षतिग्रस्त होने से सम्बंधित किसानों की फसलें सूख रही हैं। खेतों तक पानी न पहुंचने के कारण किसान खेती नहीं कर पा रहे हैं। इतना ही नहीं, गर्मी लगातार अपना प्रकोप दिखा रही है। जिससे किसानों के सामने खेतीबाड़ी का संकट खड़ा हो रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी से अनुरोध करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित कर नहरों को ठीक करवाने की मांग की है। पत्र भेजने वालों में भरत सिंह, शूरवीर, हितेन्दर चौहान, रमेश चौहान, रमेश आदि शामिल रहे।
