पछुवादून की तीन सीटों पर 31 प्रत्याशी मैदान में
विकासनगर। नामांकन वापसी के बाद पछुवादून की तीन विधानसभा सीटों पर कुल 31 प्रत्याशी मैदान में रह गये हैं। पांच प्रत्याशियों ने सोमवार को अपने नामांकन पत्र वापस लिये हैं। सहसपुर में सर्वाधिक चार प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र वापस लिये। जबकि विकासनगर में एक प्रत्याशी ने नामांकन पत्र वापस लिया। चकराता में एक भी प्रत्याशी ने अपना नामांकन पत्र वापस नहीं लिया। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सोमवार को नामांकन पत्र वापस लेने का अंतिम दिन था। इसमें सहसपुर विधानसभा में चार प्रत्याशियों में कांग्रेस के बागी उम्मीदवार आकिल अहमद, मो. अनीष, रमेश चंद्र आजाद ने नाम वापस लिया। जबकि आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी करेशन दीवान ने भी नाम वापस लिया है। इस तरह अब सहसपुर में ग्यारह प्रत्याशी मैदान में रह गये हैं। इनमें कांग्रेस प्रत्याशी आर्येंद्र शर्मा, भाजपा प्रत्याशी सहदेव पुंडीर, उक्रांद प्रत्याशी गणेश काला, आप प्रत्याशी भारत सिंह चौहान, बीएसपी प्रत्याशी योगराज सिंह, सीपीआईएम प्रत्याशी कमरुद्दीन, जय महाभारत पार्टी के प्रत्याशी राम बचनराम, सपा प्रत्याशी अमित यादव, सैनिक कल्याण पार्टी के प्रत्याशी गिरीश चंद्र खंकरियाल, निर्दलीय कल्पना बिष्ट, देवेश्वर भट्ट मैदान में डटे हैं। वहीं विकासनगर सीट पर एक मात्र प्रत्याशी सुनीता बंसल ने नामांकन पत्र वापस लिया है। आम आदमी पार्टी के विकासनगर प्रत्याशी सुनीता बंसल के पति प्रवीण बंसल चुनाव लड़ रहे हैं। विकासनगर में अब कांग्रेस प्रत्याशी नवप्रभात, भाजपा प्रत्याशी मुन्ना सिंह चौहान, आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी प्रवीण बंसल, बीएसपी प्रत्याशी देशराज सिंह, यूकेडी प्रत्याशी प्रीति थपलियाल, सपा प्रत्याशी रघुवीर सिंह मेहता,निर्दलीय प्रत्याशी गुरुमेल सिंह, स्वराज सिंह चौहान, संदीप दुबे और भूपेंद्र सिंह तोमर मैदान में रह गये हैं। जबकि चकराता में किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन पत्र वापस नहीं लिया। यहां सभी दस प्रत्याशी नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, भाजपा प्रत्याशी रामशरण नौटियाल, आप पार्टी के प्रत्याशी दर्शन डोभाल, बीएसपी के प्रत्याशी भीमदत्त वर्मा, यूकेडी के प्रत्याशी रामानंद सिंह चौहान, निर्दलीय प्रत्याशी दौलत कुंवर, प्रत्याशी कुलदीप सिंह चौहान,प्रत्याशी गजेंद्र जोशी, प्रत्याशी कमलेश भट्ट, प्रत्याशी मनवीर सिंह चौहान आदि मैदान में डटे हैं।
