छात्रसंघ का नए कॉलेज निर्माण को लेकर अनिश्चिकालीन धरना शुरू  



पिथौरागढ़। एलएसएम महाविद्यालय के छात्रसंघ पदाधिकारियों का नए कॉलेज निर्माण को लेकर अनिश्चिकालीन धरना शुरू हो गया है। छात्र नेताओं ने सरकार पर नए कॉलेज के नाम सीमांत के छात्र-छात्राओं को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा मंत्री ने कैंपस से पूर्व नए महाविद्यालय अस्तित्व में आने की बात कहीं थी, जो अब तक अधूरी है।
सोमवार को नगर के महाविद्यालय परिसर में अध्यक्ष रितिक पांडे के नेतृत्व में छात्रसंघ पदाधिकारी एकत्र हुए। इस दौरान उन्होंने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और बाद में धरने में बैठ गए। पांडे ने कहा कि एलएसएम को कैंपस का दर्जा मिलने के बाद यहां के छात्र-छात्राओं को प्रवेश के लिए दर-दर भटकना होगा। इस समस्या को देखते हुए पूर्व में उच्च शिक्षा मंत्री से नगर में और भी महाविद्यालय खोलने की मांग की गई। तब सरकार ने विण और मूनाकोट में दो नए महाविद्यालय खोलने को लेकर घोषणा की। लेकिन घोषणा के एक साल बाद भी महाविद्यालय निर्माण को कोई पहल नहीं हुई है। इससे छात्र-छात्राएं स्वयं को ठगा महसूस कर रहे हैं। छात्रसंघ पदाधिकारियों का कहना है कि जब तक नए कॉलेज निर्माण को लेकर सरकार कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाती, तब तक वे धरने में डटे रहेंगे। यहां उपाध्यक्ष अंकित ज्याला, उपाध्यक्षा चित्रा जोशी, महासचिव अनिल खाती, कोषाध्यक्ष दीपक खोलिया, सांस्कृतिक सचिव गौरव चंद्र पंत, उपसचिव मयंक चंद्रा, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि शिवम कापड़ी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *