मारपीट में घायल महिला ने दम तोड़ा
जौनपुर
सरपतहां थाना क्षेत्र के रूधौली गांव में मंगलवार की सुबह दो पक्षों में हुई मारपीट में जख्मी महिला की इलाज के दौरान मौत हो गयी।पुलिस ने कार्यवाही करते हुए आरोपी महिला समेत एक अन्य को गिरफ्तार कर लिया। ज्ञात हो कि उक्त गांव में मंगलवार की सुबह बच्चों के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गयी थी,जिसमें एक पक्ष से 42 वर्षीया शशि पत्नी राम जियावन तथा अमित कुमार व राम जियावन तथा दूसरे पक्ष से राम दवर,मोनू, सुशीला तथा मीना घायल हो गयी थी। पुलिस ने उभयपक्ष से आवश्यक कार्यवाही करते हुए घायलों को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सुइथाकला भेज दिया,जहां डाक्टरों ने शशि की हालत गम्भीर देखकर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिवार वाले घायल शशि को अस्पताल में भर्ती कराए जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर अन्त्यपरीक्षण हेतु भेज दिया। महिला की मौत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए मृतका के पति की तहरीर पर रूधौली गांव निवासी राम सुन्दर,मोनू व सोनू पुत्रगण पुल्लू तथा सुशीला देवी पत्नी पुल्लू व मोनू तथा राम सुन्दर की पत्नी सहित दो अज्ञात के खिलाफ भारतीय दण्ड संहिता की धारा 147,304,323,504 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी राम सुन्दर व उनकी पत्नी सुशीला देवी को गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण में आवश्यक कार्यवाही करने के उपरांत पुलिस ने आरोपियों को चालान न्यायालय भेज दिया।
