लक्सर से गुर्जर बिरादरी के युवा को टिकट की मांग
रुड़की। कांग्रेस ओबीसी विभाग के युवा कार्यकर्ताओं की बैठक में आगामी चुनाव को लेकर विचार किया गया। युवाओं ने गुर्जर समुदाय के युवा चेहरे को लक्सर सीट से टिकट देने की मांग की। कहा कि ऐसा हुआ तो लक्सर सहित जिले की पांच सीटों पर कांग्रेस को लाभ होगा।
लक्सर के केहड़ा गांव में आयोजित कांग्रेस ओबीसी विभाग की बैठक में 2022 के विधानसभा चुनाव पर चर्चा की गई। युवाओं ने कहा कि जिले में लक्सर के अलावा खानपुर, भगवानपुर, मंगलौर व झबरेड़ा विस सीटों पर गुर्जर समाज के मत निर्णायक हैं। इनकी सबसे बड़ी संख्या लक्सर और खानपुर में है। कहा कि पार्टी अक्सर एक टिकट गुर्जर समाज के प्रत्याशी का देती है। उन्होंने इस बार लक्सर सीट से गुर्जर बिरादरी के युवा चेहरे को टिकट देकर चुनाव लड़ाने की मांग की।
ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष विकास चौधरी ने प्रदेश संयोजक प्रमोद खारी को लक्सर से चुनाव लड़ाने का प्रस्ताव रखा। कहा कि वे बीस साल से पार्टी के लिए काम कर रहे हैं। उनके पिता भी कांग्रेस के पदाधिकारी और दर्जाधारी मंत्री रहे हैं। लक्सर में कांग्रेस से दूसरे किसी गुर्जर नेता की प्रबल दावेदारी नहीं है। प्रस्ताव का सभी ने समर्थन किया। कहा कि लक्सर में गुर्जर बिरादरी के युवार चेहरे को चुनाव लड़ाने से कांग्रेस को बाकी चारों सीटों पर भी लाभ होगा। बैठक में शंकित चौधरी, अंशुल कौशिक, अंकुर, अमरदीप पंवार, मुकुल, जितेंद्र सिंह, अर्जुन, रवि खारी, रजत बंशी, रजवंत सिंह, आशू चौधरी, अरण, निखिल, रोहित धीमान, शिवम चौधरी आदि मौजूद रहे।
