पुलिस ने सौ लीटर लाहन नष्ट किया
रुड़की। रायसी पुलिस ने कच्ची शराब निकालने की सूचना पर पुरवाला गांव के पास बाणगंगा में छापेमारी की। पुलिस को देख शराब निकालने वाला एक व्यक्ति भागने में कामयाब रहा। पुलिस ने मौके 8 लीटर कच्ची शराब बरामद करने के साथ करीब 100 लीटर लाहन नष्ट किया।
शनिवार शाम रायसी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पुरवाला गांव के पास बाणगंगा में पुरवाला निवासी नरेश पुत्र कुशाल भट्टी लगाकर शराब निकाल रहा है। सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की तो पुलिस को आता देख आरोपी भाग निकला। पुलिस ने मौके से 8 लीटर कच्ची शराब और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए। इस दौरान पुलिस ने करीब 100 लीटर लाहन को नष्ट कर दिया। छापेमारी में कांस्टेबल अनिल कुमार, अवनेश राणा और देव प्रकाश मौजूद रहे। रायसी चौकी प्रभारी विनय मोहन द्विवेदी ने बताया कि पुरवाला निवासी नरेश पुत्र कुशाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
