निराश्रित बुजुर्गों के लिए विकासनगर में खुला वृद्धाश्रम
विकासनगर। नगर क्षेत्र में शनिवार को विद्या सेवा वृद्धाश्रम का शुभारंभ हुआ। वृद्धाश्रम शुरू होने से अब सड़क पर रात गुजारने वाले निराश्रितों को भी सहारा मिलने की उम्मीद जगी है। आश्रम में तीस लोगों के प्रतिदिन रहने और भोजन की व्यवस्था है। आश्रम के शुभारंभ के मौके पर सुभारतीय अस्पताल की ओर निशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया, जिसमें दो सौ लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
आश्रम का शुभारंभ करते हुए पूर्व काबिना मंत्री नवप्रभात ने कहा कि उनकी ओर से आश्रम को हर संभव मदद की जाएगी। बताया कि घर में रहने वाले एकल बुजुर्गों को भी इस आश्रम से सहयोग मिलेगा। इसके साथ ही कई निराश्रित बुजुर्गों के आश्रम ठौर मुहैया कराएगा। विद्या सेवा फाउंडेशन के सेवादार अशोक सिंह ने बताया कि उनकी माता विद्या कौर की स्मृति में आश्रम का निर्माण किया गया है। इस दौरान कीर्तन दरबार और अखंड पाठ का आयोजन किया गया। इस मौके पर गुरु सिंह सभा अजीतनगर के प्रधान गुरजीत सिंह, विचित्र सिंह, भूपेंद्र सिंह, प्रकाश सिंह रागी, रघुवीर सिंह, बचन सिंह, नीरज अग्रवाल, विनोद, रमेश, अमित आदि मौजूद रहे।
