गोली मारने के मामले में गलत नामजदगी का आरोप

रुड़की।

मुंडाखेड़ा निवासी बैंककर्मी को गोली मारकर घायल करने के मामले में गांव के कई लोग कोतवाली पहुंचकर एसएसआई से मिले। उन्होंने पीड़ित बैंककर्मी पर गांव के युवक को फंसाने का आरोप लगाया। एसएसआई ने निष्पक्ष जांच के बाद मामले में कार्रवाई करने का भरोसा दिया। मुंडाखेड़ा कलां गांव निवासी विरेंद्र सिंह पुत्र होशियार सिंह लक्सर की एक बैंक शाखा में काम करता है। बुधवार शाम करीब सात बजे वह काम निपटाकर घर जा रहा था। मुंडाखेड़ा कलां गांव की आबादी के बाहर उसे गोली मार दी गई थी। गोली से घायल विरेंद्र देहरादून के एक अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने रात ही विरेंद्र के बयान लिए थे। विरेंद्र ने गांव के अपनी पड़ोसी युवक पर रंजिशन गोली मारने की आरोप लगाया था। पुलिस ने आरोपी युवक को पकड़ने के लिए गांव में दबिश भी दी, पर युवक हाथ नहीं आ सका। गुरुवार दोपहर बाद इसी मामले को लेकर गांव के 50 से अधिक लोग कोतवाली पहुंचे और एसएसआई मनोज सिरोला से मिले। उनका कहना था कि बैंककर्मी द्वारा युवक को फंसाने के लिए झूठा आरोप लगाया गया है। बताया कि जिस युवक का नाम उसके द्वारा लिया जा रहा है, वह शाम पांच से साढ़े छह बजे तक गांव के पंद्रह, सोलह युवकों के साथ वालीबॉल खेल रहा था। घटना के समय भी वह उन्हीं के साथ मौजूद था। ग्रामीणों ने उन सभी युवकों से एसएसआई की बात भी कराई। एसएसआई सिरोला ने कहा कि अभी पीड़ित पक्ष से तहरीर नहीं आई है। तहरीर आएगी तो निष्पक्ष जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। भरोसा दिया कि निर्दोष को जेल नहीं भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *