विस चुनाव: बूथों पर रहेगी कैमरे की नजर

रुड़की।  विधानसभा चुनाव के लिए प्रशासन के स्तर से तैयारी शुरू हो गई है। कई बूथ कैमरे की नजर में भी रहेंगे। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों और पुलिस सेक्टर अधिकारियों से फीडबैक लिया। राजनैतिक दलों की ओर से विधानसभा चुनाव के लिए कई दिनों से तैयारियां चल रही हैं। रैली, सभा और बैठकों का दौर शुरू हो गया है। प्रशासन भी चुनावी तैयारी में जुट गया है। मतदाताओं को जागरूक करने के लिए ईवीएम और वीवीपैट मशीन से मततदान का प्रशिक्षण चल रहा है। शुक्रवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अंशुल सिंह ने तहसील सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेटों और पुलिस सेक्टर अधिकारियों के साथ बैठक की। रुड़की तहसील में रुड़की, कलियर, मंगलौर, झबरेड़ा और खानपुर विधानसभा सीट का आंशिक क्षेत्र शामिल है। इसमें 664 बूथ शामिल हैं। जेएम ने संवेदनशाील और अतिसंवेदनशील बूथों के बारे में जानकारी ली। सभी बूथों पर तय समय में सारी व्यवस्था पूरी करने को कहा गया। सेक्टर और पुलिस सेक्टर अधिकारियों को आपस में समन्वय बनाकर काम करने और बूथों का निरीक्षण करने को कहा गया। बूथों पर सारी सुविधा की जानकारी लेने को कहा गया। प्रशासन की ओर से पचास फीसदी बूथों पर कैमरे लगाने की तैयारी भी की जा रही है। हालांकि, अभी इस पर अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। कैमरे लगाने से चुनाव अधिकारी सीधे बूथों पर नजर रख पाएंगे। जेएम ने सभी अधिकारियों से चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए अभी से तैयारी करने को कहा। जिससे मतदान के समय किसी तरह की समस्या न हो। बैठक में अपर उप जिलाधिकारी विजय नाथ शुक्ल, तहसीदार चंद्रशेखर, इंस्पेक्टर सिविल लाइंस देवेंद्र चौहान, इंस्पेक्टर गंगनहर ऐश्वर्य पाल, इंस्पेक्टर मंगलौर अमर चंद शर्मा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *