साइबर अपराध एवं ठगी से बचने के लिए लोग रहे सतर्क
रुद्रप्रयाग।
जिले में साइबर अपराध एवं ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए जनपद पुलिस ने स्थानीय लोगों से जागरूक रहने अपील की है। कहा कि लोग सतर्कता बरतें और बेवजह सोशल मीडिया पर की जाने वाली पोस्ट के प्रति जागरूक रहें।
पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने बताया कि किसी भी ऑफर के झांसे में न आएं, पहले उसके बारे में पूर्णतया जानकारी हासिल कर लें। अपने बैंक खाते से जुड़ी कोई भी जानकारी किसी के साथ साझा ना करें। कोई भी बैंक आपसे कभी भी ओटीपी, एटीएम पिन नहीं मांगता है। कोरोना वैक्सीन के लिए आए हुए फोन को अटेंड न करें, रजिस्ट्रेशन के नाम पर आप का आधार कार्ड का नम्बर मांगा जाएगा। ओटीपी बताने पर आपका बैंक एकाउंट खाली हो सकता है। अपनी और अपने परिजनो की फोटो, वीडियो या कोई भी जानकारी फेसबुक, व्हाट्सएप, ट्यूटर, इंस्टाग्राम में पोस्ट करने में और प्रोफाइल और स्टेटस अपडेट करने में एक बहुत बड़ा जोखिम है। कभी भी गूगल पर ग्राहक सेवा केंद्र का नंबर न खोजें। सीधे सम्बन्धित वेबसाइटों पर जाएं। कोई भी लिंक, क्लिक व एप डाउनलोड करते वक्त बहुत सावधानी बरतें। जरा सी लापरवाही आपके साथ धोखाधड़ी की वारदात को जन्म दे सकती है। अलग-अलग खातों के लिए हमेशा अलग आईडी/पासवर्ड का चयन करें।
