बजट की कमी से अधर में लटका विद्यालय भवन निर्माण
उत्तरकाशी।
विकासखंड पुरोला के सुदूर क्षेत्र सरबडियाड पट्टी के किमडार व डिंगाडी जूनियर हाईस्कूल भवन का निर्माण कार्य दो किस्तों का भुगतान होने के बावजूद छह माह से पूर्ण नहीं हो पाया। जिसके चलते जूनियर कक्षाओं में पढ़ने वाले छात्र छात्राओं को प्राथमिक विद्यालय भवन में ही तंगी में बैठने को मजबूर होना पड़ रहा है।
जूनियर विद्यालय भवन निर्माण के लिये वर्ष 2017 में शासन ने 24 लाख रुपए स्वीकृत किये जिसके अंतर्गत 2019 में विद्यालय समिति एवं भवन निर्माण को निशुल्क जमीन देने वाले ग्रामीण ने पार्टनरशिप में भवन निर्माण कार्य शुरू भी किया अब छह माह पूर्व भवन निर्माण आधा होने के बाद समिति एवं भूमि दान देने वाले सुनील सिंह रावत के बीच भुगतान व लेनदेन को लेकर विवाद शुरू हो गया व काम बंद हो गया,भूमि देने वाले सुनील सिंह ने भवन के गेट व दरवाजों पर तख्ते ठोक कर दरवाजों, खिड़कियों व प्लास्टर, फर्श निर्माण कार्य रोक दिया।
भूमिदान देने वाले सुनील सिंह रावत, विद्यालय समिति के सदस्य महेंद्र सिंह, दरमियान सिंह रावत, कैलाश सिंह रावत आदि ने विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष अमीन सिंह रावत, स्कूल के प्रधानाध्यापक दरमियान पंवार पर समिति सदस्यों व भूमिदान देने वालों को विश्वास में लिए बगैर 16 लाख 50 हजार रूपए खर्च करने के बाद भवन निर्माण में घटिया गुणवत्ता की सामग्री लगाने का आरोप लगाया। वहीं विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य महेंद्र सिंह व दरमियान, सुनील रावत आदि ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी पुरोला सोहन सिंह सैनी को शिकायती पत्र लिखकर भवन निर्माण में प्रयुक्त सामग्री व घटिया निर्माण कार्य की जांच की मांग की है। उप खंड शिक्षा अधिकारी जगदीश प्रसाद काला ने बताया कि विधालय प्रबंधन समिति एवं भवन को निशुल्क जमीन देने वालों के बीच पार्टनरशिप व लेन-देन को लेकर विवाद के कारण भवन निर्माण कार्य काफी समय से बंद है मामले में समिति को कई बार निर्माण शुरू करनें को लिखित एवं मौखिक रूप में भवन कार्य पूरा करनें को भी कहा गया किंतु 16 लाख 50 हजार रूपए आहरण करनें के बाद भी छह माह से अभी तक काम शुरू नहीं किया गया। उपजिलाधिकारी सोहन सिंह सैनी ने बताया कि जूनियर हाईस्कूल डिंगाडी भवन निर्माण में प्रयुक्त घटिया सामग्री व लेनदेन के आपसी विवाद को लेकर मेरे न्यायालय में शा़ंति भंग का वाद विचाराधीन है व भवन निर्माण में प्रथम दृष्टया घटिया सामग्री प्रयुक्त करनें की शिकायत की जांच के लिए जिलाधिकारी उतरकाशी को उच्च स्तरीय तकनीकी टीम गठित करने को पत्र भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे कार्यवाही की जायेगी।
