छात्रों का सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन,नारेबाजी

देहरादून।
छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर डीएवी के तमाम छात्र संगठन से जुड़े छात्रों ने शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने वहां प्रशासन पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी भी की। बाद में सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान ने उन्हें बुलाकर आश्वासन दिया कि 22 नवंबर को उनकी उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत से वार्ता करवाई जाएगी।
शनिवार दोपहर करीब 12 बजे डीएवी कालेज के छात्र बड़ी संख्या में कचहरी स्थित सिटी मजिस्ट्रेट कार्यलय पहुंचे। वहां उन्होंने कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने वहां जिला प्रशासन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने उन्हें बुलाकर उनका ज्ञापन लिया। चुनाव कराने या आयु सीमा में दो साल की छूट देने की मांग उठाई।
छात्र नेता हनी सिसोदिया ने बताया कि जब छात्र चुनाव की मांग लेकर टावर पर चढ़े थे तो सिटी मजिस्ट्रेट ने मौके पर आकर उन्हें आश्वासन दिया था कि 20 नवंबर को उनकी सीएम या उच्च शिक्षा मंत्री से वार्ता करवाई जाएगी, लेकिन जब शुक्रवार को उन्होंने इस मामले में बात की तो अधिकारी अपनी बात से मुकर गए। कोई वार्ता नहीं हो पायी। गुस्साए छात्रों ने प्रदर्शन किया। छात्र नेता उदित थपलियाल ने बताया कि अब सोमवार को उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत से वार्ता का आश्वासन मिला है। अगर इस बार वार्ता ना हुई तो छात्र कालेज बंद कराकर आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान हनी सिसोदिया, उदित थपलियाल, आकिब अहमद, अंकित बिष्ट, सुमित कुमार, अभिषेक ममगाईं, शोएब अहमद, मनोज कुमार, चंद्रशेखर आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *