पति की हत्या की आरोपी पत्नी गिरफ्तार

हरिद्वार

ज्वालापुर के मेहताब खान हत्याकांड में फरार चल रही दस हजार की इनामी आरोपी पत्नी आरजू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की तलाश में पुलिस काफी समय से जुटी हुई थी। क्षेत्र के मोहल्ला कैथवाडा बकरा मार्केट निवासी मेहताब खान की शादी 25 नवंबर 2021 को आरजू पुत्री इस्लाम मूलनिवासी लंढौरा हाल निवासी सत्ती मोहल्ला रुड़की के साथ हुई थी। बीते 29 अप्रैल की रात मेहताब अपनी पत्नी के साथ कमरे में सोने चला गया था लेकिन अगले दिन सुबह मेहताब की मां रुखसाना ने उसे सहरी खाने के लिए जगाने का प्रयास किया था। तब उसकी पत्नी आरजू ने यह कहकर उन्हें लौटा दिया कि पति की तबीयत ठीक नहीं है, इसलिए वह रोजा नहीं रख सकते। फिर सुबह लगभग नौ बजे एक बार फिर रुखसाना बेगम ने अपने बेटे को जगाने का प्रयास किया, तब भी आरजू ने उसके सोने का बहाना बनाया। मां ने अनहोनी की आशंका होने पर जब पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुलवाया तब बेटा जमीन पर अचेतवस्था में पड़ा था। एक अस्पताल में उसे ले गए थे तब चिकित्स्कों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। इस संबंध में मां ने बहू पर बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए ज्वालापुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। हत्याकांड की जांच शुरू होने के चंद दिन बाद आरोपी के पिता इस्लाम ने प्रार्थना पत्र देकर जांच कनखल ट्रांसफर करा दी थी।
कनखल थाने के एसएसआई अभिनव शर्मा ने जांच के बाद गिरफ्तारी के लिए कोर्ट से गैर जमानती वारंट लिए थे लेकिन उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई शुरू करते हुए कुर्की नोटिस चस्पा कर दिया था लेकिन फिर जांच कनखल से रानीपुर कोतवाली ट्रांसफर कर दी गई। पुलिस कप्तान अजय सिंह ने जांच फिर से कनखल भेज दी थी लेकिन चंद दिन बाद जांच कनखल थाने से फिर पुलिस कार्यालय में तैनात इंस्पेक्टर बीएल भारती को सौंप दी गई थी। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी आरजू निवासी सत्ती मोहल्ला रुड़की को गिरफ्तार कर लिया। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी आरके सकलानी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *