डीएम ने किया फर्स्ट रिस्पोंडर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

 हरिद्वार

जिलाधिकारी विनय शंकर पांडेय ने उप सम्भागीय परिवहन कार्यालय रोशनाबाद में फर्स्ट रिस्पोंडर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट, वाहन चालक, विद्यालय के छात्र-छात्राएं और प्रवर्तन दल आदि ने भाग लिया। डीएम ने लोगों से रेड लाइट जंप न करने, तेज गति से वाहन न चलाने, वाहन में अधिक क्षमता से भार न ले जाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करने और नशे की हालत में वाहन का संचालन न करने की अपील की। मंगलवार को प्रशिक्षण कार्यक्रम में डीएम ने कहा कि किसी भी सड़क दुर्घटना के समय पीड़ित व्यक्ति को सबसे पहले सहायता उपलब्ध कराने और पीड़ित व्यक्ति का जीवन बचाने में फर्स्ट रिस्पोंडर की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। फर्स्ट रिस्पोंडर का व्यावसायिक प्रशिक्षण होना बहुत जरूरी है। प्रशिक्षण लेने के बाद दुर्घटना के समय पीड़ित व्यक्ति के जीवन को बचाने में काफी सहायता मिलती है। कार्यक्रम में आरटीओ देहरादून इंफोर्समेंट शैलेश तिवारी ने बताया कि हर साल सड़क दुर्घटनाओं में कई लोगों की जान चली जाती है। जागरूकता और प्रशिक्षित फर्स्ट रिस्पोंडर के माध्यम से लोगों की जान बच सकती है।
इस मौके पर सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) रत्नाकर सिंह, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी(प्रवर्तन) रश्मि पंत सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *