कार की टक्कर से युवक की मौत
विकासनगर
देहरादून की ओर जा रही एक कार ने चोरखाला सहसपुर में एक ढाबे के पास राहगीर को टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक की मौत हो गई। मृतक के परिजनों की तहरीर पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दिया है। सहसपुर थाना पुलिस को मंगलवार देर रात करीब साढ़े ग्यारह बजे हरबर्टपुर देहरादून हाईवे पर चोर खाले के समीप स्थित एक ढाबे के पास दुर्घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल पर पड़े घायल युवक को एक सौ आठ के माध्यम से सीएचसी सहसपुर पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने घायल को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सौरभ (22) पुत्र अंजनी निवासी नरैनपुर थाना जटवारा तहसील लालगंज जिला प्रतापगढ़ यूपी हाल निवासी नीना फार्महाउस रामपुर सहसपुर देहरादून के रूप में हुई। एसएसआई सहसपुर प्रमोद कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा पोस्टमार्टम कर परिजनों को शव सौंप दिया है। बताया कि कार चालक मौके से फरार हो गया। बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर हरियाणा नंबर की कार के चालक के खिलाफ अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर दिया है। बताया कि कार चालक की तलाश की जा रही है।
