नाराज कांग्रेसियों ने किया कैबिनेट मंत्री जोशी के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला दहन
विकासनगर
कांग्रेस ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की शहादत को हादसा बताये जाने के बयान को लेकर आक्रोश जताया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री जोशी के खिलाफ प्रदर्शन कर उनका पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि भाजपा के मंत्री और नेता जोशीमठ में सरकार की विफलता, प्रदेश के विभिन्न विभागों में हो रहे भर्ती घोटालों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पहाड़ी गली चौक पर एकत्रित होकर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया और उनका पुतला दहन किया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कार्यकारी जिलाध्यक्ष लक्ष्मी कपरूवान अग्रवाल ने कहा कि दोनों पूर्व प्रधानमंत्रियों के बलिदान पर अमर्यादित टिप्पणी करना अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि मर्यादित पद पर बैठे नेता की भाषा शैली उनके मानसिक संतुलन और संस्कारों को परिलक्षित करती है। भाजपा नेताओं को आत्म अवलोकन करने की आवश्यकता है। लक्ष्मी कपरूवान अग्रवाल ने भाजपा और आरएसएस के लोगों पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा और आरएसएस के लोग सत्ता के अहंकार से अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। प्रदर्शनकारियों में शहर अध्यक्ष कितेश जायसवाल, हरबर्टपुर अध्यक्ष आशीष पुंडीर, शम्मीप्रकाश, विकास शर्मा,संजय जैन, भास्कर चुग, रेखा रमोला, अमित पंवार, बीना चौहान, सरोज, अशोक नेगी, हरीश बिष्ट, नीलम थापा, विनोद, सुनील तोमर, गुलाब सिंह धिमान, विकाश शर्मा, जीतेन्द्र रावत, शम्मी प्रकाश, वीरेन्द्र सिंह, अमित सिंह, विजय कुमार, अब्बास अली, कमल किशोर, सोमपाल, मोहित बिष्ट, अभिषेक चौहान, विनय जयसवाल शामिल रहे।
