मध्य हरिद्वार में सात घंटे रहा पेयजल संकट
हरिद्वार
पिछले कई दिनों से शहर के लोगों को पेयजल किल्लत से जुझना पड़ रहा है। उत्तरी हरिद्वार के बाद अब मध्य हरिद्वार क्षेत्र में पानी की सप्लाई ठप रहने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। पेयजल लाइन में मरम्मत के चलते सात घंटे तक पेयजल आपूर्ति ठप रही। मंगलवार सुबह 10 बजे मध्य हरिद्वार नया हरिद्वार, विवेक विहार समेत मायापुर, देवपुरा चौक के साथ ही आसपास के कई इलाकों में पानी की सप्लाई को बंद कर दी गई। आपूर्ति ठप होने के बाद जब लोगों ने जल संस्थान के संबंधित कर्मचारियों से बात की तो मालूम हुआ कि पेयजल लाइन की मरम्मत के लिए सप्लाई बंद की गई है। शाम तक ही आपूर्ति चालू हो पाएगी। स्थानीय निवासी सोहन सिंह, राजू मनोचा, आरती सिंह ने बताया कि शाम पांच बजे तक उन्हें पेयजल संकट से जूझना पड़ा। इससे काफी काम प्रभावित रहे। विक्की, अंकित कुमार, अरविंद ने बताया कि पिछले कई दिनों से पेयजल कटौती की जा रही है। जिससे समस्याएं खड़ी हो रही है। सहायक अभियंता राजेश चौहान ने बताया कि पेयजल लाइन की मरम्मत का कार्य के कारण व्यवस्था बाधित रही। काम पूरा होते ही आपूर्ति सुचारू कर दी गई।
