थल-धरमघर सड़क की बदहाली पर लोगों में आक्रोश
पिथौरागढ़
प्रसिद्ध कोटगाड़ी मंदिर को जोड़ने वाली थल-धरमघर सड़क की बदहाली पर क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। लोगों ने कहा सड़क पर आवाजाही खतरनाक बनी हुई है। लेकिन विभाग सुध नहीं ले रहा। लोग जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर हैं।
थल-धरमघर सड़क यात्रियों के लिए मुसीबत बन गई है। पूरी सड़क गढ्ढों में तब्दील हो गई है, जिस पर आवाजाही करना खतरे से खाली नहीं है। यूकेडी के संगठन मंत्री सलीम अहमद ने कहा कई बार सड़क सुधारीकरण की मांग के बाद भी गंभीरता नहीं दिखाई जा रही। चेतावनी देते हुए कहा जल्द सुधारीकरण का काम शुरू नहीं हुआ तो क्षेत्र के लोगों को साथ लेकर आंदोलन किया जाएगा। वहीं लोनिवि के एई बीके सिन्हा ने कहा सड़क सुधारीकरण के लिए डीपीआर शासन को भेजी है। स्वीकृति के बाद सड़क सुधारीकरण का काम शुरू किया जाएगा।
