लोहारी के ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जुड्डो में निकाली आक्रोश रैली
विकासनगर
व्यासी जल विद्युत परियोजना के पूर्ण प्रभावित गांव लोहारी के ग्रामीणों ने मंगलवार को परियोजना निर्माण स्थल जुड्डो में प्रदेश सरकार के खिलाफ आक्रोश रैली निकाली। ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार के साथ ही स्थानीय जन प्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।ग्रामीणों ने कहा कि प्रदेश सरकार ने तानाशाही रवैया अख्तियार करते हुए उनके शांतिपूर्ण आंदोलन को कुचलने का प्रयास किया।आरोप लगाया कि आंदोलन कर रहे ग्रामीणों को सरकार की शह पर सलाखों के पीछे पहुंचाया गया। अब सरकार धारा 144 का हवाला देकर उन्हें निर्माण स्थल पर जाने से रोक रही है। जबकि ग्रामीण सरकार से जमीन के बदले जमीन की मांग कर रहे हैं। सरकार किसानों की चिंता करने के बजाय अपनों को लाभ पहुंचाने में लगी हुई है। कहा कि परियोजना निर्माण के लिए ग्रामीणों की कृषि भूमि अधिग्रहीत कर दी गई, जिसके बाद उनके पास रोजगार का कोई साधन नहीं बचा। अब परियोजना पूरी होने के बाद लोहारी गांव के पूर्ण डूब क्षेत्र में आने के कारण उनके सामने आशियाने का संकट पैदा हो जाएगा। उनकी नई पीढ़ी के सामने खुले आसमान के नीचे जीवन गुजारने का खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने जल्द जमीन के बदले जमीन मुहैया कराने की मांग की है। आक्रोश रैली में नरेश चौहान, दिनेश तोमर, सुखपाल तोमर, संदीप तोमर, यशपाल चौहान, रमेश चौहान, कुंपाल चौहान, अमित, आशा, प्रमिला, सावित्री देवी, प्रमिला, गुड्डी, रेखा, अनीता, रीता, चंदा, रोशनी, सुमित्रा आदि शामिल रहे।
