सड़क पर मिला बिहार निवासी अधेड़ का शव,सिर के पिछले हिस्से पर लगी थी चोट
वाराणसी।
मंडुवाडीह थानांतर्गत मड़ौली मार्ग पर शुक्रवार को एक हलवाई का शव पड़ा मिला।स्थानीय लोगों की सूचना पर मंडुवाडीह थाने की पुलिस आई तो पता लगा कि हलवाई के सिर के पिछले हिस्से पर चोट लगी थी।हलवाई के जेब से बरामद आधार कार्ड से उसके परिजनों को सूचना देकर पुलिस ने शव मंडलीय अस्पताल की मर्चरी में रखवा दिया है।मृतक बिहार का रहने वाला था।
मंडुवाडीह क्षेत्र में मार्निंग वॉक के लिए निकले लोगों ने देखा कि मड़ौली मार्ग पर एक अधेड़ लेटा है। समीप जाकर आवाज दी तो कोई असर नहीं हुआ। लोगों ने 112 नंबर पर फोन किया। मंडुवाडीह थाने की मड़ौली चौकी इंचार्ज फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।उन्होंने लोगों को बताया कि उसकी मौत हो गई है।अधेड़ की जेब की तलाशी लेने पर आधार कार्ड मिला।आधार कार्ड की मदद से शव की शिनाख्त बिहार के गया जिले के फतेहपुर थाना अंतर्गत खजूरी गांव निवासी उमेश यादव (49) के तौर पर हुई। इसके बाहर फतेहपुर थाने की पुलिस से संपर्क कर चौकी इंचार्ज ने उन्हें उमेश की मौत की सूचना दी।सूचना के बाद उमेश के परिजन गया से वाराणसी के लिए रवाना हो गए थे। उमेश के बारे में पता लगाने के बाद मड़ौली चौकी इंचार्ज राजकुमार वर्मा ने बताया कि वह लंबे समय से वाराणसी में रह रहा था। शराब पीने का आदी उमेश पहले सिगरा क्षेत्र में और अब मंडुवाडीह क्षेत्र की मिठाई की एक दुकान में हलवाई का काम करता था। उमेश ने यहां कहीं कमरा नहीं लिया था बल्कि सड़क किनारे ही जहां जगह पाता था वही सो जाता था।चौकी प्रभारी ने आशंका जताई कि नशे में होने के कारण गिरने की वजह से सिर के पिछले हिस्से में चोट लग गई होगी। उन्होंने कहा कि जहां शव मिला है उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट होने पर प्रकरण में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
–
