दो दिन से ऋषिकेश में फंसे तीर्थयात्री चारधाम रवाना

ऋषिकेश।

दो दिन से तीर्थनगरी ऋषिकेश में फंसे तीर्थयात्रियों ने मंगलवार को मौसम साफ होने के बाद आस्थापथ की ओर प्रस्थान किया। देवधामों के दर्शन को उत्साहित श्रद्धालुओं ने जय बदरी, जय केदार के नारे लगाए।
रविवार और सोमवार को मौसम विभाग के भारी बारिश की चेतावनी के चलते चारधाम यात्रा पर जा रहे यात्रियों को ऋषिकेश में रोक दिया गया था। राजस्थान, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र से आए करीब 204 तीर्थयात्री ऋषिकेश में फंसे थे। बीते दो दिन से चारधाम यात्रा बस टर्मिनल कंपाउंड और पंजाब सिंध क्षेत्र धर्मशाला में रुके तीर्थयात्री मौसम साफ और यात्रा खुलने का इंतजार कर रहे थे। बूंदी, राजस्थान से 55 यात्रियों के साथ आए भैरवलाल ने बताया कि पहली बार यात्रा पर आए हैं, अब तो देवधामों के दर्शन के बाद ही वापस लौटेंगे। चाहे कितने दिन रुकना पड़ा। संत कबीरनगर, गोरखपुर यूपी से आए पदमनाभ त्रिपाठी, पुणे के तेजस ने भी कहा कि चारधाम के दर्शन के बाद ही वापस लौटेंगे। मंगलवार को सभी की मुराद पुरी हुई। मौसम खुलने पर ऋषिकेश में फंसे सभी तीर्थयात्री बसों में सवार होकर आस्थापथ की ओर रवाना हुए। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार सुबह 7 बजे से ऋषिकेश में रुके यात्री चारधाम के लिए रवाना हुए। देवस्थानम बोर्ड के जनसंपर्क अधिकारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि बदरीनाथ हाईवे पर कलियासौंण, रुद्रप्रयाग के पास मार्ग खराब होने से यात्रा कुछ देर के लिए बाधित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *