शक्ति नहर किनारे रेलिंग लगाने की मांग को धरना रहा जारी

विकासनगर।

डाकपत्थर से कुल्हाल तक शक्ति नहर किनारे रेलिंग लगाने की मांग को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा का धरना रविवार को भी जारी रहा। धरना दे रहे लोगों ने कुछ दिन पूर्व नहर में डूबने से हुई मौत के मामले में तीनों बच्चों को श्रद्धांजलि दी। डाकपत्थर स्थित धरना स्थल पर रविवार को भारतीय किसान यूनियन तोमर गुट के प्रदेश अध्यक्ष सोमदत्त शर्मा ने अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के साथ ही आम जनता के लिए समस्या बन चुकी है। भाजपा सरकार के शासनकाल में हर वर्ग का शोषण हो रहा है। कहा कि सरकार जनता की जायज मांगों पर ध्यान देने के बजाय सिर्फ अपनों का हित देख रही है। शक्तिनहर किनारे रेलिंग लगाने का काम इतना बड़ा नहीं है कि सरकार को इसके लिए बजट की व्यवस्था करना मुश्किल हो जाए। लेकिन इस मांग को किसानों से जुड़े संगठन ने सरकार के सामने रखा है और भाजपा सरकार किसानों की मांग मानने के लिए अड़ियल रुख अख्तियार करती है। कहा कि किसान और आम जन भाजपा सरकार के एजेंडे में शामिल नहीं रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह में शक्ति नहर किनारे रेलिंग नहीं लगाए जाने पर ऊर्जा निगम के देहरादून स्थित एमडी कार्यालय में भूख हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। भारत संवैधानिक अधिकार संरक्षण मंच के राष्ट्रीय संयोजक दौलत कुंवर ने कहा कि 27 सितंबर को प्रस्तावित भारत बंद को सफल बनाने के लिए व्यापारियों से घर घर जाकर संपर्क किया जा रहा है। धरने में स्वराज सिंह चौहान, विकेश कुमार, आशीष कुमार, निशांत यादव, राजवीर मलिक, नितिन राठी, पीताबंर शर्मा, सज्जन सिंह, मोइनुद्दीन, चिरंजीव सहगल, राम अवतार सिंह, सुखवीर सिंह, दौलत वर्मा, कविता देवी, सुनीता, गीता, सावित्री, गुड्डी, विमला आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *