चोरी की बाइक और खुखरी के साथ आरोपी गिरफ्तार

विकासनगर।

औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई से चोरी की गई एक मोटर साइकिल और खुखरी के साथ पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ चोरी और आर्म्स ऐक्ट में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। शंकरपुर सहसपुर निवासी देवेन्द्र सिंह पुत्र प्रेम सिंह मूल निवासी ग्राम मातली, डुंडा, उत्तरकाशी ने थाना सेलाकुई को तहरीर देकर अपनी बाइक चोरी होने की सूचना दी थी। तहरीर में देवेन्द्र ने बताया कि 22 सितम्बर की रात देसी शराब की दुकान के समीप खड़ी उसकी बाइक को चोरों ने चोरी कर लिया। थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए इसकी जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगालने के साथ ही मुखबिर तंत्र को सतर्क किया। जांच पड़ताल के दौरान शनिवार रात बैरिंग कम्पनी के समीप पुलिस ने चोरी की मोटर साइकिल के साथ साबिर पुत्र फुरकान निवासी पुम्बा बस्ती जंगलात बैरियर सहसपुर को गिरफ्तार किया। एसओ विनोद राणा ने बताया कि आरोपी के पास एक खुखरी भी बरामद की गई है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस की टीम में उप निरीक्षक रतन सिंह बिष्ट, दीपक चौहान, ब्रजपाल सिंह आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *