रेलवे एवं प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया
श्रीनगर गढ़वाल।
रेलवे विकास निगम द्वारा देवप्रयाग विधानसभा के अन्तर्गत मलेथा और चौरास क्षेत्र के रानीहाट और नैथाणा के प्रभावितों को रोजगार न दिये जाने पर स्थानीय ग्रामीणों के साथ पूर्व कैबिनेट मंत्री, मंत्री प्रसाद नैथानी ने रेलवे एवं प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा कि देवप्रयाग विस के अन्तर्गत जहां भी रेलवे का काम चल रहा है, वहां स्थानीय लोगों को रोजगार तक नहीं दिया जा रहा है। यह स्थानीय लोगों के साथ छलावा है। कहा दो अक्तूबर को रेलवे की हठधर्मिता के खिलाफ ऋषिकेश से कर्णप्रयाग तक रेलवे का काम बंद कर रोजगार की मांग की जाएगी। मलेथा में आयोजित विरोध प्रदर्शन के बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री, मंत्री प्रसाद नैथानी ने कहा कि देवप्रयाग विस के अन्तर्गत रेलवे द्वारा काम तो किया जा रहा है, किंतु किसी भी तरह का अन्य विकास कार्य क्षेत्र में नहीं किया जा रहा है। जनहित से जुड़े काम न होने के साथ ही स्थानीय लोगों को रेलवे में रोजगार तक नहीं दिया जा रहा है। प्रदेश सरकार एवं स्थानीय विधायक भी इस मामले में कोई पहल नहीं कर पा रहे है। जिससे आज जनता आंदोलन के लिए विवश है। नैथानी ने कहा कि रानीहाट, मंगसू में आज पानी की समस्या बनी हुई, किंतु ग्रामीणों की किसी को कोई चिंता नहीं है। नैथानी ने कहा कि रेलवे के साथ ही श्रीनगर जीवीके कंपनी में काम करने वाले अधिकांश प्रभावितों को आज कंपनी ने निकाल दिया है, किंतु उनकी बहाली के लिए प्रदेश सरकार की ओर से कोई पहल नहीं की जा रही है। कहा कि दो अक्तूबर को नौकरी से निकाले गये युवाओं की बहाली के लिए भी जीवीके कंपनी का पावर हाउस बंद कराया जाएगा। इस मौके पर उदय सिंह, बलवंत सिंह, वीरेन्द्र सिंह, विजय सिंह, रंजन सिंह, दीपक सजवाण, राकेश बिष्ट, आशीष गैरोला, रामलाल नौटियाल, उत्तम सिंह असवाल सहित स्थानीय प्रभावित जनता मौजूद थी।
