पेंशनर्स को हो रही दिक्कतों का समाधान करे सरकार
श्रीनगर गढ़वाल
अवकाश प्राप्त कर्मचारी विकास संगठन ने अटल आयुष्मान योजना में की जा रही कटौती को 50 प्रतिशत करने की मांग की है। इस योजना के में ओपीडी को भी कैशलेस किए जाने, केंद्र की पेंशनर्स की तरह एक हजार रुपए प्रतिमाह चिकित्सा भत्ता देने की मांग की है। श्रीनगर में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि अभी तक पेंशनर्स व कई परिवारों को गोल्डन कार्ड नहीं बने हुए हैं। उनके लिए कोषागारों या उपकोषागारों में व्यवस्था कर तत्काल गोल्डन कार्ड बनाने की सुविधा सरकार उपलब्ध कराए। कहा इस योजना को अटल आयुष्मान योजना से जोड़ा जाना न्याय संगत नहीं है। कहा इसमें बदलाव करके अस्पताल को बीमारी के आधार पर सूचीबद्ध न करने सीजीएचएस(केंद्र सरकार की स्वास्थ्य योजना) की दरों पर पूरे अस्पताल को सूचीबद्ध किया जाए व निजी अस्पतालों को केंद्र सरकार की स्वास्थ्य योजना की दरों पर भुगतान किया जाए। कहा जब तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय का शासनादेश जारी नहीं होता है तब तक पेंशन से मासिक कटौती न की जाएग। कहा यदि उत्तराखंड सरकार गोल्डन कार्ड के माध्यम से उपचार देने में असमर्थ है तो पुरानी स्वास्थ्य योजना प्रतिपूर्ति, स्मार्ट हेल्थ कार्ड योजना को तुरंत बहाल करे व पेंशनर्स से कटौती बंद की जाए। जो कटौती की गई है उसे तत्काल वापस किया जाए। बैठक के उपरांत पेंशनर्स ने तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा। इस मौके पर संगठन के अध्यक्ष शंकर सिंह पटवाल, सचिव गजेंद्र सिंह रावत, बेलम सिंह नेगी, विमला प्रसाद बहुगुणा, शिवचरण सिंह रावत, जीसी भट्ट, मनोहर भारती, बीपी सती, हरि सिंह मियां आदि मौजूद रहे
