दबी हुई नस के इलाज के लिए सर्जरी कराएंगे टिम पेन

 

मेलबोर्न

ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट क्रिकेट टीम के कप्तान टिम पेन ऑस्ट्रेलिया के घरेलू समर सत्र से पहले पूरी तरह से फिट होने के मकसद से होबार्ट में अपनी गर्दन की दबी हुई नस के इलाज के लिए सर्जरी कराने को तैयार हैं।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कहा, पेन को डिस्क के बाहर आने से गर्दन और बाएं हाथ में दर्द हो रहा है, जिससे उनकी पूरी तीव्रता से प्रशिक्षण लेने की क्षमता कम हो गई और उपचार में भी कोई निष्कर्ष नहीं निकला। पिछले हफ्ते एक स्पाइनल सर्जन की ओर से उन्हें दबी हुई नस को ठीक करने के लिए सर्जरी कराने की सलाह दी गई है, ताकि वह एक महीने बाद वापस प्रशिक्षण ले सकें। परिणामस्वरूप पेन के तस्मानिया के खिलाफ शुरुआती दो शेफील्ड शील्ड मैचों से बाहर होने की संभावना है, जो सितंबर में खेले जाने वाले हैं।

पेन ने इस बारे में कहा, स्पाइनल सर्जन और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की मेडिकल टीम की आम सहमति थी कि अब सर्जरी की जाए, जिससे समर सत्र की अच्छी तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके। मैं इस महीने के अंत तक शारीरिक गतिविधि को फिर से शुरू करने और अक्टूबर में पूर्ण प्रशिक्षण में वापस आने की उम्मीद करता हूं। मैं पहले टेस्ट में खेलने के लिए तैयार हूं और मैं इस बात का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं कि बड़ा समर सत्र कब होगा।

उल्लेखनीय है कि ऑस्ट्रेलिया ने बीते 18 महीनों में महज चार टेस्ट मैच ही खेले हैं और सभी भारत के खिलाफ खेले हैं। कोरोना महामारी और इसके चलते लगे प्रतिबंधों के कारण ऑस्ट्रेलिया में घरेलू के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय मैचों के भविष्य कार्यक्रम पर अनिश्चितता बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *