दूरसंचार समूह में लिवाली से शेयर बाजार नए शिखर पर

मुंबई ।

विदेशी बाजारों की गिरावट के बावजूद सरकार के टेलीकॉम कंपनियों के बकाया भुगतान के लिए चार वर्षों की राहत देने की घोषणा से उत्साहित निवेशकों की दूरसंचार समेत सभी समूहों में हुई जबरदस्त लिवाली की बदौलत बुधवार को शेयर बाजार को पंख लग गए और नये शिखर पर पहुंच गया। बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 476.11 अंक की छलांग लगाकर 58,723.20 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 139.45 अंक उछलकर 17519.45 अंक पर पहुंच गया। सरकार ने दूरसंचार कंपनियों को बकाया भुगतान के लिए चार वर्षों की राहत देने, एजीआर से गैर टेलीकॉम राजस्व को अलग करने और दूरसंचार के लिए केवाईसी का सरलीकरण करने के निर्णय से निवेशकों का उत्साह बढ़ा और बाजार को बल मिला। दिग्गज कंपनियों की तरह छोटी और मझौली कंपनियों में भी लिवाली का जोर रहा। इस दौरान बीएसई का मिडकैप 162.29 अंक चढ़कर 25,215.96 अंक और स्मॉलकैप 241.62 अंक की बढ़त लेकर 28,284.07 अंक पर रहा। इस दौरान बीएसई में कुल 3421 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2059 बढ़त पर जबकि 1244 गिरावट पर रहे वहीं 118 में कोई बदलाव नहीं हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *