अफगानिस्तान से लोगों को ले जा रहे विमान में बच्ची का जन्म

वाशिंगटन ।

अफगानिस्तान से लोगों को ले जा रहे सी-17 सैन्य विमान में सवार यात्रियों के चेहरों पर उस वक्त मुस्कान आ गयी जब उड़ान के दौरान ही एक अफगान बच्ची का जन्म हुआ। बच्ची के माता-पिता ने उसका नाम विमान के कॉल संकेत के नाम पर ‘रीचÓ रख दिया है।
विमान संख्या के साथ कॉल संकेत हवाई यातायात कर्मियों तथा रेडियो वॉयस संचार के लिए विमान की पहचान होता है।
अमेरिकी यूरोपीय कमान के प्रमुख ने बुधवार को पत्रकारों से कहा कि अधिकारियों ने बच्ची की मां और पिता से बात की। जनरल टोड वोल्टर्स ने बताया कि माता-पिता ने उसका नाम रीच रखा है क्योंकि विमान का कॉल संकेत रीच 828 है। उसका जन्म शनिवार को हुआ और 86वें चिकित्सा समूह के सदस्यों ने प्रसव में मदद की। इस विमान ने काबुल से जर्मनी के रमस्टीन वायु सेना अड्डे के लिए उड़ान भरी थी।
यूरोपीय कमान ने बताया कि बच्ची की मां को उड़ान के दौरान प्रसव पीड़ा हुई और निम्न रक्त चाप के कारण उसकी हालत बिगड़ गयी। विमान में हवा का दबाव बढ़ाने के लिए पायलट विमान को ऊंचाई पर ले गया जिससे मां की हालत स्थिर हुई। सेना के चिकित्सा कर्मियों ने विमान में प्रसव कराया।
वोल्टर्स ने बताया कि बच्ची और परिवार दोनों ठीक हैं। जर्मनी में अमेरिका के सैन्य अस्पताल में पिछले हफ्ते अफगानिस्तान से लायी गयी दो अन्य महिलाओं ने भी बच्चों को जन्म दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *