अफगान नागरिकों को आपातकालीन वीजा देगा भारत

नईदिल्ली।

अफगानिस्तान में मौजूदा हालात को देखते हुए वहां से भारत आने की इच्छा रखने वाले अफगान नागरिकों की अर्जियों पर जल्द फैसलों के लिए वीजा की नई श्रेणी की मंगलवार को घोषणा गृह मंत्रालय ने कर दी है। अफगानिस्तान में तालिबान के सत्ता पर कब्जा जमाने के दो दिन बाद यह घोषणा की गई है।
गृह मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा कि गृह मंत्रालय ने अफगानिस्तान में मौजूदा हालात को देखते हुए वीजा प्रावधानों की समीक्षा की है। भारत में प्रवेश के लिए वीजा अर्जियों पर जल्द फैसला लेने के लिए ई-आपातकालीन एवं अन्य वीजा की नई श्रेणी बनाई गई है।
हजारों अफगान नागरिक सोमवार को काबुल के मुख्य हवाईअड्डे पर उमड़ पड़े। इनमें से कुछ तालिबान से बचकर भागने के लिए इतने परेशान थे कि वे सेना के एक विमान के ऊपर चढ़ गए। अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि अराजकता की स्थिति में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई।
अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद सभी देश अपने-अपने लोगों को वहां से सुरक्षित निकालने में जुटे हैं। अफगानिस्तान में कई भारतीय लोग फंसे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *