अवैध रुप से बने व्यावसायिक कॉम्पलेक्स सहित 6 दुकानें सील
ऋषिकेश
मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण ने गांव और शहरी क्षेत्र में कायदे कानून को ताक पर रखकर किए निर्माण पर डंडा चलाया। प्राधिकरण टीम ने पुलिस फोर्स की मौजूदगी में अवैध रुप से बने एक व्यावसायिक कॉम्पलेक्स सहित 6 दुकानें सील की हैं। उपरोक्त क्षेत्रों में बिना नक्शा पास कराए भवन निर्माण करने वालों में हडक़ंप की स्थिति रही। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण कायदे कानून को ताक पर रखकर बनाए व्यवसायिक और आवासीय निर्माण को लेकर हरकत में आ गयी है। दो दिन पहले अवैध तरीके से बने आवासीय निर्माण पर सीलिंग की कार्रवाई के बाद शुक्रवार को प्राधिकरण टीम ने विभिन्न स्थानों पर अनाधिकृत निर्माण पर डंडा चलाया। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता पीएन बहुगुणा बताया कि शुक्रवार को बिना नक्शा पास कराए और नियमों की अनदेखी कर बनायी गई दुकानें सील की की गई है। उन्होंने बताया कि खदरी रोड, श्यामपुर में जगदीश की नवनिर्मित 3 दुकानें, वीरभद्र मार्ग पर बाल मुकुंद की 1 दुकान, गोविंद लाला की 2 दुकानें और वीरभद्र मार्ग पर एसबीआई बैंक शाखा के समीप अनिल कुमार का अवैध रूप से प्रथम तल पर बना व्यावसायिक कॉम्पलेक्स सील किया है। टीम में अवर अभियंता अनुज पांडेय, सुपरवाइजर एसएन भट्ट, सतीश कुमार मौजूद रहे।
