पति से मारपीट करने पर पत्नी समेत चार पर केस दर्ज
रुद्रपुर।
किच्छा के एक व्यक्ति ने पत्नी और ससुरालियों पर मारपीट और फुफेरे भाई की बाइक छीनने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने पत्नी समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। किच्छा निवासी हरीश कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका विवाह बेरीघाट की लक्ष्मी पुत्री चमन सिंह से 2019 में हुआ। उसका एक दस माह का बेटा भी है। उसके ससुराल वाले आए दिन मारपीट करते हैं और उसे फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हैं। 21 जुलाई को ससुराल वालों ने पत्नी के साथ घर बुलाकर मारपीट कर घर से भगा दिया। इसके बाद राजीनामा कर 27 जुलाई को पत्नी को लेने पहुंचा तो ससुरालियों ने फिर मारपीट की और जान से मारने की धमकी देने के साथ ही फुफेरे भाई की बाइक छीन ली। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चमन, नागेंद्र उर्फ गंठा, छोटा, लक्ष्मी के खिलाफ आईपीसी के तहत केस दर्ज कर लिया है।
