भाजपा को 60 सीटों का लाभ मिलना तय : मनवीर चौहान
नई टिहरी
भाजपा के उत्तराखंड मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कहा कि इस बार युवा सरकार, 60 के पार के ध्येय को लेकर काम किया जा रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार बड़ी जीत दर्ज करेगी। कोविड काल में भाजपा सहित भाजपा के सभी प्रकोष्ठों ने आम लोगों की बीच पहुंचकर जनसेवा का जो काम किया। उसे सराहना मिल रही है। पत्रकारों से बातचीत में मनवीर चौहान ने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास के मूल मंत्र के साथ बीते साढ़े चार सालों से प्रदेश में काम कर रही है। जिसका लाभ भाजपा को 60 सीटों के रूप में मिलना तय है। कहा कि कोरोना काल व अंतराष्ट्रीय परिस्थितियों के चलते पेट्रोल व ईधन के दाम बढ़े हैं। जिन्हें नियंत्रित करने के लिए प्रदेश के मुखिया पुष्कर सिंह धामी ठोस प्रयास कर रहे हैं। कोरोना के चलते आई विकट परिस्थितियों में भाजपा की प्रदेश सरकार ने जनता को हर स्तर पर राहत पहुंचाने का काम किया है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मनरेगा, पर्यटन विकास योजनाओं की मदद से युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का काम किया जा रहा है। कहा कि प्रदेश में 20 हजार से अधिक पदों पर भर्ती कर युवाओं को राहत देने का काम किया जा रहा है। लगातार सरकार विभागों के रिक्त पदों पर भर्ती करने का काम सरकार कर रही है। प्रदेश सरकार जनता के सुख-दुख में साथ है। अंतिम व्यक्ति का विकास ही भाजपा सरकार का ध्येय है। कहा कि बीते साढ़े चाल सालों में भाजपा की सरकार ने प्रदेश में सडक़ों का जाल बिछाने का काम किया है। जिसका परिणाम है कि आज हर गांव तक सडक़ मार्ग पहुंच गये हैं। हर घर नल योजना से पानी पहुंचाने का काम किया जा रहा है। कोविड काल में प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने का काम किया गया है।
