भ्रष्टाचार के आरोप में पथरी फीडर पर किसानों का प्रदर्शन
हरिद्वार
उत्तराखंड किसान मोर्चा ने पथरी फीडर पर ऊर्जा निगम के खिलाफ धरना-प्रर्दशन करते हुए भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। किसान मोर्चा ने ऊर्जा निगम के कर्मचारियों पर विद्युत कनेक्शन, मीटर लगाने के नाम पर पैसे मांगने सहित कई आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। बुधवार को उत्तराखंड किसान मोर्चा से जुड़े किसानों ने ऊर्जा निगम और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पथरी फीडर पर धरना-प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि ऊर्जा निगम के कर्मचारी नियमों को ताक पर रखकर क्षेत्र में छापेमारी करते हैं और लोगों के घरों के अंदर प्रवेश करते हैं। आरोप है कि मीटर लगाने, कनेक्शन करने, ट्रासफार्मर लगाने और उतरवाने के नाम पर कर्मचारी भ्रष्टाचार करते हैं। किसानों से रिश्वत मांगते हैं। इस दौरान उत्तराखंड किसान मोर्चा के महामंत्री सतीश प्रधान ने कहा कि ऊर्जा निगम से कर्मचारी कनेक्शन से लेकर मीटर लगाने व फ्यूज लगाने तक के पैसे मांगते हैं। यह प्रथा बंद होनी चाहिये। अगर इसमें सुधार नहीं होता है तो किसान ऊर्जा निगम के खिलाफ बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। अन्य पदाधिकारियों ने भी अपनी समस्याओं को रखा। धरना-प्रदर्शन के दौरान किसान मोर्चा को टिहरी विस्थापित के लोगों से भी सहयोग मिला। पथरी से मंजीत सिंह व घिस्सुपुरा से सलीम अहमद किसान मोर्चे में शामिल हुए। धरना-प्रदर्शन के दौरान एसडीओ प्रवेश कुमार ने किसानों की वार्ता सुनने के बाद एक्शन को मौके पर बुलाया। किसानों ने अपना सात सूत्रीय मांग पत्र अधिकारियों के सामने रखे। करीब चार घंटे चला धरना-प्रदर्शन अधिकारियों के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ। धरना प्रदर्शन करने वालो में विशाल चेयरमैन, अदनान खान, जसवीर, जोगिंदर, पकट सिंह, दुष्यन्त चौहान, संदीप, विकास चौधरी, सुधीर कुमार, शहबान, जोनी, नितिन, आशु कुमार, सलीम अहमद, जसवीर, विन्यपाल, सतबीर, संजय, मेनपाल, प्रदीप, मलकीत, अनुज, धर्मपाल, राजकुमार, अनूप, मनीष, देवीसिंह, ताहिर हसन, कलविंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह, महावीर सिंह, विशाल, जसवीर सिंह आदि मौजूद रहे। ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता एसके गुप्ता ने बताया कि किसानों ने अपनी मांगों को रखा है, जो सही मांगें हैं उन पर अमल कर पूरी की जाएगी। अगर कोई ऊर्जा निगम का कर्मचारी भ्रष्टाचार करता है तो उसकी जांच कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
