बच्चों ने राज्यों के समूह नृत्य से तालियां बटोरीं
हरिद्वार
कनखल के जगजीतपुर स्थित डिवाइन लाइट स्कूल में बाल मेले में चित्रकार डॉ. प्रमोद कुलश्रेष्ठ के चित्रों की एकल कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। वहीं, मंच पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत बच्चों ने पंजाब, उत्तराखंड, गुजरात सहित विभिन्न राज्यों के लोकप्रिय समूह नृत्य को प्रस्तुत किया। रविवार को आयोजित बाल मेले और कला प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व दर्जाधारी श्यामवीर सैनी ने किया। पूर्व दर्जाधारी ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में भी अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देना चाहिए। बाल मेले में बच्चों ने खाद्य पदार्थों के साथ कौशल क्रीड़ा संबंधित स्टाल भी लगाए। इस मौके पर कंचन प्रभा गौतम, संगीता राणा, डॉ. नरेश, एचके सिंह, लक्ष्मीकांत सैनी, किरण मिश्री, राजेश शर्मा, धनंजय वर्मा, लाल सिंह सैनी, पूनम श्रीवास्तव डॉ. सुगंध पांडे आदि मौजूद रहे।
