किशोरी से पिता के दोस्त ने किया दुष्कर्म
हरिद्वार
ज्वालापुर क्षेत्र की एक किशोरी से उसके पिता का दोस्त छह माह से दुष्कर्म करता रहा। मामला पथरी क्षेत्र का होने के चलते ज्वालापुर पुलिस ने आरोपी दोस्त के खिलाफ दुष्कर्म, पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर ट्रांसफर कर दिया है। कोतवाली प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति की दिलशाद निवासी पथरी से दोस्ती है। दिलशाद की पत्नी का इंतकाल हो गया था, इसलिए उसने अपने दोस्त से बेटी को उसके बच्चों की देखभाल के लिए भेजने की बात कही। दोस्त पर विश्वास कर पिता ने छह माह पूर्व अपनी 14 वर्षीय बेटी को बच्चों की देखभाल के लिए रवाना कर दिया। आरोप है कि पिता के दोस्त ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। कई माह तक यह सिलसिला लगातार चलता रहा। किशोरी के मुंह खोलने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। दो दिन पूर्व घर आई किशोरी ने अपने पिता को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी दिलशादी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटनास्थल पथरी क्षेत्र का है इसलिए मामले को जांच के लिए पथरी थाने ट्रांसफर कर दिया गया है।
