पॉड टैक्सी का पूरा रूट बदला जाए


हरिद्वार

राष्ट्रीय व्यापार मण्डल की ज्वालापुर रेलवे फाटक स्थित जिला कार्यालय में हुई बैठक में मांग की गई कि पॉड टैक्सी का पूरा रूट बदला जाना चाहिए। इसका पूरा रूट गंगा किनारे होना चाहिए। साथ ही जिला प्रशासन और पॉड टैक्सी के अधिकारियों पर आरोप लगाया गया कि वो मात्र कुछ लोगों के कहने पर काम कर रहे हैं। रविवार को हुई राष्ट्रीय व्यापार मण्डल की बैठक में व्यापारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलकर पॉड टैक्सी का पूरा रूट बदलने की मांग की जाएगी। बैठक में शहर अध्यक्ष हरविंदर सिंह ने व्यापारी नेता जेके जिन्दल को शहर उपाध्यक्ष ज्वालापुर घोषित किया। प्रदेश अध्यक्ष संजीव चौधरी ने कहा कि पॉड टैक्सी रूट को लेकर जिस प्रकार बैठक बुलाई गई और केवल हां में हां मिलाने वालों को बुलाया गया वह जिला प्रशासन व पॉड टैक्सी अधिकारियों की मंसा पर सवाल खड़ा करता है। चौधरी ने कहा कि कुछ अधिकारी व कुछ निजी स्वार्थ रखने वाले लोग कुछ एरिया मात्र में रूट बदलने की बात कर रहे हैं। पॉड टैक्सी रूट पूरा गंगा किनारे ले जाया जाना चाहिए। ज्वालापुर से लेकर हरिद्वार तक सभी व्यापारियों के हित सुरक्षित रहने चाहिए। प्रदेश महामंत्री सुदीश श्रोत्रीय और जिला अध्यक्ष विनीत धीमान ने कहा कि सभी व्यापारियों के साथ एक जैसा व्यवहार होना चाहिए। रूट पूरा बदला जाना चाहिए। बैठक में शहर अध्यक्ष हरविंदर सिंह, व्यापारी नेता कुलदीप खंडेलवाल, अध्यक्ष रेलवे रोड उपाध्यक्ष राजेश अरोड़ा, अजय अरोड़ा, व्यापारी नेता पुष्पेन्द्र गुप्ता, संजीव कुमार, विजय धीमान व अरविन्द कुमार आदि अनेक व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *