आरक्षण को लेकर आज नारसन मे जुटेगें जाट
रुडकी। अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति केंन्द्र में जाटों को आरक्षण दिए जाने की मांग को लेकर अब आंदोलन तेज करेगी। जिसके लिए रविवार को नारसन में जाट सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन में आंदोलन को गति देने पर विचार किया जाएगा।
शनिवार को नारसन आईटीआई में जाट आरक्षण संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता कर बताया कि केंद्र में जाटों के समकक्ष अन्य जातियों को आरक्षण मिला हुआ है। संघर्ष समिति की भी मांग है कि जाटों को आरक्षण दिया जाए। इसी मांग को लेकर रविवार को नारसन के राजा महेंद्र प्रताप इंटर कॉलेज में सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष रवि पंवार ने बताया कि सम्मेलन में घासीपुरा रियासत से जुड़े राजा विजयराज, कुंवर देवराज, अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के राष्ट्रीय संयोजक अशोक बल्हारा पहुंचेंगे। सम्मेलन की अध्यक्षता राजा महेंद्र प्रताप के वंशज राजा चरत प्रतापसिंह करेगें। इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय महासचिव चंद्र कुंवर, प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कुमार, सलाहकार सचिव ओमपाल सिंह व उदयवीर सिंह और मनोज धारीवाल मौजूद थे।
