कैंप साइड में लगाई आग, दो टेंट जलकर राख


नैनीताल। ज्योलीकोट के समीपवर्ती क्षेत्र गेठिया स्थित कैंप साइट कुरिया कैंप में बुधवार रात्रि कुछ लोगों ने आग लगा दी। कैंप संचालक की ओर से पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने प्रकरण में जांच शुरू कर दी है। ज्योलीकोट निवासी मुन्ना लाल साह गेठिया में पर्यटक कैंप चलाते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि बारिश के चलते इन दिनों कैंप साइट को शाम के समय जल्दी बंद कर दिया जा रहा है। बुधवार को भी कैंप साइट को जल्दी बंद कर वह घर लौट गए। इधर, गुरुवार सुबह जब वह कैंप साइट पहुंचे तो देखा कि यहां दो टेंट और उसके अंदर मौजूद बेड, रजाई, गद्दे समेत अन्य सामान जला हुआ मिला। परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए तो यहां कुछ संदिग्ध युवक धूमते हुए नजर आए। एक युवक को कैंप संचालक ने पहचान भी लिया। ज्योलीकोट चौकी प्रभारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले में जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *