BJP के जिला पंचायत अध्यक्ष उम्मीदवार के वाहन पर फायरिंग
आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव की सरगर्मी के बीच एक नाटकीय घटनाक्रम में सत्तारूढ़ दल बीजेपी के जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रत्याशी संजय निषाद के वाहन पर बीती रात पिकअप सवारों ने फायरिंग की व पत्थर फेंके. प्रत्याशी के साथ चल रहे अन्य वाहनों ने जब हमलावरों का पीछा किया तो वे वाहन को अंधेरे में छोड़कर फरार हो गये. फिलहाल इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ. सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक भी रात में ही मौके पर पहुंचे. घटना के सम्बन्ध में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया और जांच में जुटी है.
संजय निषाद टहर किसुनदेवपुर से जिला पंचायत सदस्य हैं. वह भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी होने के कारण चुनाव प्रचार कर रात में घर लौट रहे थे. आरोप है कि वह तहबरपुर से कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कौड़िया बाजार से दो से तीन मीटर आगे गए होंगे कि हमलावरों ने पिकअप उनके काफिले में घुसा दी. किसी अनहोनी की आशंका से काफिले के पीछे वाली गाड़ियों के ड्राइवर हार्न बजाकर हटने का दबाव देने लगे तो पिकअप सवार गति बढ़ाते हुए अपनी गाड़ी संजय निषाद की गाड़ी के समानांतर चलाने लगे. आरोप है कि उसी दौरान एक बदमाश ने तमंचा निकाल लिया. जिसके बाद संजय के कहने पर ड्राइवर ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी. उसी दौरान गोली चल गई, लेकिन कोई हादसा नहीं हो सका. वारदात में असफल पिकअप सवार भागे तो पुलिस को इत्तला देते हुए संजय पिकअप सवारों का पीछा करने लगे लेकिन बदमाश भागने में सफल हो गए.
संजय का कहना है कि पिकअप में करीब आधा दर्जन बदमाश सवार थे. एसपी सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही वे मौके पर पहुंचे. प्रत्याशी से घटना की जानकारी ली. पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया गया है. मुकदमा दर्ज कर घटना की पड़ताल की जा रही है.
