पल्स पोलियों के 70 बूथो में से 10 बूथ रहे खाली
ऋषिकेश
सप्ताहव्यापी पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के तहत रविवार को शहर में 70 बूथ बनाए गए। 10 बूथों में नौनिहालों को पोलियो खुराक पिलाने वाले स्वयंसेवी पहुंचे नहीं। ऐसे में बूथ तक आए लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा। शहर में सार्वजनिक स्थानों, स्कूल आदि स्थानों में पल्स पोलियो के 70 बूथ बनाए गए। यहां लोग 5 साल तक के बच्चों को लेकर दो बूंद जिंदगी की पिलाने पहुंचे। वहीं, तिलक रोड स्थित सरकारी अस्पताल आवासीय कॉलोनी, रेलवे स्टेशन, संयुक्त यात्रा रोडवेज बस अड्डा, हरिद्वार रोड नीरज क्लीनिक, घाट रोड पर होटल बसेरा, हनुमान मंदिर समेत 10 स्थानों पर बने बूथों में आंगनबाड़ी और आशा वर्कर नहीं पहुंचे। बूथों के आसपास के लोगों का आरोप है कि सुबह दो-तीन बार बूथ के चक्कर काटे, लेकिन बूथ में दवा पिलाने वाला कोई नहीं मिला। काफी इंतजार के बाद घर लौटने को मजबूर हुए। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. विजयेश भारद्वाज ने बताया कि इस तरह की शिकायत संज्ञान में नहीं आयी है। यदि ऐसा हुआ है तो यह लापरवाही है। मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
