मोहन नगर के पास मिला ग्रामीण का शव
बागेश्वर। पुलिस लाइन से चार किमी दूर स्थित मोहन नगर के पास शनिवार को एक ग्रामीण का शव मिला है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार पुलिस लाइन मालता से चार किलोमीटर दूर मोहननगर के पास एक शव मिलने की सूचना मिली। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव की शिनाख्त 40 वर्षीय ललित राम पुत्र रमेश राम निवासी भटखोला खरेही के रूप में की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा। ग्रामीणों ने बताया कि वह लंबे समय से क्षेत्र में रहकर मेहनत मजदूरी कर जीवन यापन करता था। पुलिस ने घटना की सूचना उनके परिजनों को दे दी है। कोतवाल कैलाश नेगी ने बताया कि मामले में किसी ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। अलबत्ता पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
