वन विभाग की टीम के हत्थे नहीं चढ़ रहा गुलदार
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर से करीब 11 किमी. की दूरी पर ढिकवाल गांव में एक सप्ताह पहले गुलदार द्वारा चार वर्षीय बच्ची को मारने के बाद गांव में वन विभाग की टीम शिकारी दल के साथ तैनात है। लेकिन अभी तक गुलदार टीम के हत्थे नहीं चढ़ पाया है। जिसके कारण गांव व आसपास के क्षेत्रों में गुलदार की दहशत बनी हुई है। गुलदार कभी श्रीकोट, स्वीत व बुघाणी रोड पर राहगीरों को नजर भी नजर आ रहा है। जिससे लोग गुलदार के भय से सहमें हुए हैं। गत 5 सितंबर को ढिकवाल गांव में दिन दहाड़े गुलदार आंगन के पास से दादी का हाथ पकड़े चार वर्षीय बच्ची को झपटा मार कर दो खेत नीचे तक ले गया था, दादी ने हिम्मत दिखाते हुए गुलदार के जबड़े से बच्ची को छुड़ाया, लेकिन बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। तब से गुलदार के खौप से लोग अपने बच्चों को स्कूल भी नहीं भेज पा रहे हैं। वहीं स्थिति को देखते हुए गांव में शिकारी दल के साथ ही वन विभाग की करीब 20 लोगों की टीम तैनात है। जबकि दो पिंजरे लगाने के साथ ही ट्रैंकुलाइज टीम, ड्रोन व सीसीटीवी कैमरों से भी गुलदार की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है। बावजूद वन विभाग के हाथ अभी तक खाली हैं। वन दरोगा जगदीश सिंह नेगी का कहना है कि लोगों को गुलदार के भय से निजात दिलाने के लिए शिकारी दल के साथ ही वन विभाग की पूरी टीम गश्त कर रही है। उन्होंने कहा कि गांव में मचान भी बनाई गई है। लेकिन अभी तक गुलदार हाथ नहीं लग पाया है।
