निजमूला घाटी में जंगली सुअरों से किसान परेशान
चमोली। निजमुला घाटी के ग्रामीण इन दिनों प्राकृतिक आपदा के दंश और जंगली सुअरों के आतंक से परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जंगली सुअरों के झुंड खेतों में आलू, धान, मंडुवा व बेल वाली सब्जियों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से जंगली सुअरों के उत्पात से मुक्ति दिलाने की मांग की है। गाड़ी गांव के सरपंच तारेंद्र सिंह गड़िया, महिला मंगल दल अध्यक्ष राजेश्वरी देवी, सुनीता देवी, बर्ती देवी, शिवा, मंदोदरी देवी, वीरेंद्र सिंह, विक्रम, मुर्खल्या सिंह, योगंबर सिंह, हिम्मत सिंह आदि का कहना है कि तोली मल्ला, कनियाली, पलसारी, ग्वाड़, नेवा तोक में शाम होते ही सुअरों के झुंड खेतों में पहुंच रहे हैं। सुअर खड़ी फसल को तहस-नहस कर रहे हैं। इसके अलावा बंड क्षेत्र के गांवों में भी जंगली सुअरों का आतंक बना हुआ है। दशोली विकास खंड के नेल, कुड़ाव, देवर, खडोरा, कुजों मेकोट, हाट, जैसाल, बैमरु, मठ, झड़ेता आदि क्षेत्रों में भी जंगली सुअरों का आतंक बना हुआ है।
