सड़क की बदहाली पर लोगों ने प्रदर्शन किया
चम्पावत। बाराकोट बाजार से ब्लॉक कार्यालय को जोड़ने वाली सड़क पर डामरीकरण न होने से गुस्साए लोगों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि अगर जल्द सड़क पर डामरीकरण नहीं किया गया तो वह आंदोलन करेंगे। गुरुवार को लोगों ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि बाराकोट बाजार से ब्लॉक कार्यालय तक करीब एक किमी सड़क मार्ग बदहाल बना हुआ है। सड़क पर जगह जगह बड़े बड़े गड्ढे बने हुए हैं। कहा कि देश को आजादी दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले क्षेत्र के प्रमुख स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व.कल्याण सिंह अधिकारी के घर को जोड़ने वाले सड़क का कोई सुधलेवा नहीं है। कहा कि इस सड़क पर कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। लेकिन प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। प्रदर्शन करने वालों में जितेंद्र अधिकारी, प्रकाश अधिकारी, सुमित सामंत, अनिल अधिकारी, आशीष अधिकारी, वीरू अधिकारी, उमेश्वर अधिकारी आदि शामिल रहे।
