अवैध खनन से खतरे में आ गए कोटद्वार के पुल


देहरादून। लैंसडौन के भाजपा विधायक दिलीप रावत ने कहा कि कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में अवैध खनन की वजह से पुल खतरे की जद में आए हैं। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण और अवैध खनन की वजह से कोटद्वार विधानसभा कम से कम 13 से 14 साल पिछड़ गई है। भाजपा विधायक का यह बयान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। दरअसल, भाजपा विधायक दिलीप रावत सचिवालय में मीडिया कर्मियों ने कोटद्वार में पुल टूटने को लेकर सवाल किए थे। इस पर विधायक रावत ने कहा कि इसका सीधा सीधा कारण अतिक्रमण और अवैध खनन है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन इसका मूल कारण है। आज जितने भी पुल संकट में हैं उनके नीचे निश्चित रूप से बिना अनुमति के अवैध खनन किया गया। इन क्षेत्रों में बिना वैज्ञानिक परीक्षण और सहमति के खनन किया गया जिससे ऐसे हालात पैदा हो गए। इसी का नतीजा है कि आज कोटद्वार के पुल खतरे की जद में है। विधायक दिलीप रावत ने कहा कि मैं समझता हूं कि इस वजह से आज कोटद्वार विधानसभा 13 से 14 साल पीछे हो गई है। भाजपा विधायक के इस वीडियो को राज्य के कांग्रेस नेता भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं। कांग्रेस की प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने लिखा कि अवैध खनन के मामले में भाजपा के विधायक भी अब कांग्रेस के सुर में सुर मिला रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *